अंतर्राष्ट्रीय

क्या अफ्रीका में है बैगनर बॉस? BRICS सम्मेलन के पहले क्यों आया प्रिगोझिन का वीडियो…

दक्षिण अफ्रीका में ब्रिक्स सम्मेलन में अलग-अलग देशों के राष्ट्राध्यक्षों के पहुंचने के बीच पुतिन के भी मौजूद होने की सुगबुगाट थी।

मगर रूस के राष्ट्रपति इस सम्मेलन में भाग नहीं ले रहे हैं। इसी बीच रूसी नेता येवगेनी प्रिगोझिन ने सोमवार को वैगनर समूह में भर्ती के लिए वीडियो जारी किया। रूस में रक्षा अधिकारियों के खिलाफ अल्पकालिक विद्रोह करने के बाद पहली बार प्रिगोझिन सामने आया है।

रूसी सोशल मीडिया चैनलों पर यह जानकारी दी गई। प्रिगोझिन जून में रूस में विद्रोह के बाद सुर्खियों में आया था। उसके अल्पकालिक विद्रोह ने 23 साल से रूस में शासन कर रहे राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए गंभीर खतरा पैदा कर दिया था। 

वैगनर के संस्थापक प्रिगोझिन को पुतिन के शासन काल में लंबे समय तक शक्तिशाली संरक्षण मिला। इस दौरान उसने एक निजी सेना भी तैयार की जिसने विदेशों में रूसी हितों के लिए लड़ाई लड़ी और यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में भी भाग लिया।

टेलीग्राम मैसेजिंग ऐप के चैनलों पर पोस्ट किए गए वीडियो में प्रिगोझिन यह कहते नजर आ रहा है कि वैगनर ग्रुप सैनिक प्रशिक्षण और खोज गतिविधियों में लगा हुआ है और ‍”रूस को सभी महाद्वीपों की तुलना में अधिक महान तथा अफ्रीका को और भी अधिक स्वतंत्र बनाने के मिशन पर है।”

वीडियो में प्रिगोझिन ने यह भी कहा, “हम लड़ाकों की भर्ती कर रहे हैं और अपने निर्धारित लक्ष्य की दिशा में प्रयास जारी रखेंगे, जिनका हमने वादा किया था।” वीडियो में प्रिगोझिन सैन्य पोशाक पहने हाथ में राइफल लिये दिख रहा है।

पीछे पिकअप ट्रक और वर्दी पहने कुछ अन्य लोग भी हैं।

एसोसिएटेड प्रेस ने वीडियो की प्रामाणिकता पुष्टि नहीं की है। साथ ही इस बात की भी पुष्टि नहीं हुई कि वीडियो कब और कहां बनाया गया।
     
प्रिगोझिन से जुड़े रूसी सोशल मीडिया चैनलों ने बताया कि प्रिगोझिन अफ्रीका के लिए लड़ाकों की भर्ती कर रहा है। साथ ही वह अफ्रीकी देश की राजधानी में स्थित एक सांस्कृतिक केंद्र ”रशियन हाउस” के माध्यम से मध्य अफ्रीकी गणराज्य में निवेश के लिए रूस के निवेशकों को आमंत्रित कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!