
दुर्ग संभाग 16 नवंबर 2025 // छत्तीसगढ़ सहकारी कर्मचारी संगठन की चार सूत्रीय मांगों को लेकर दुर्ग संभाग में हड़ताल आज 14वें दिन भी जारी रही। समय बीतने के साथ आंदोलन और अधिक उग्र रूप लेता जा रहा है। रोजाना नए-नए तरीके अपनाकर कर्मचारी सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं।

आज दुर्ग संभाग के धरना स्थल का माहौल बेहद गरम नजर आया, जब कर्मचारियों ने शर्ट उतारकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई संतोषजनक पहल नहीं हुई है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी चार सूत्रीय मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन और ज्यादा तेज़ किया जाएगा। कर्मचारियों का आरोप है कि सरकार सिर्फ आश्वासन दे रही है, लेकिन समाधान की दिशा में कोई कदम नहीं उठा रही।
छत्तीसगढ़ सहकारी कर्मचारी संगठन के बेमेतरा जिले में नए अध्यक्ष दिगंबर राजपूत का चयन कर दिया गया है। संभाग स्तरीय धरना स्थल पर ही संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी में नव-निर्वाचित अध्यक्ष को शपथ दिलाई गई।

संगठन के सभी समितियों ने नए अध्यक्ष दिगम्बर राजपूत का स्वागत करते हुए पूर्ण समर्थन का ऐलान किया है। पदाधिकारियों ने कहा कि नई टीम के नेतृत्व में संगठन की मांगों और कर्मचारियों के हितों को और मजबूती से उठाया जाएगा।
उधर, बढ़ती हड़ताल से सहकारी कार्यों पर व्यापक असर पड़ रहा है, और स्थिति दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि उनकी लड़ाई हक और सम्मान की है, जिसे वे पूरे दमखम के साथ जारी रखेंगे।



