छत्तीसगढ़बालोद
Trending

बालोद जिले में अब तक 3089 क्विंटल से अधिक मात्रा में धान जप्ति की कार्रवाई की गई।

धान की अवैध खरीदी, बिक्री पर रोकथाम सुनिश्चित करने हेतु प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद कलेक्टर के निर्देश पर की जा रही है निरंतर कार्रवाई।

बालोद 21 नवंबर 2025 // राज्य शासन के मंशानुरूप समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य के अंतर्गत केवल वास्तविक किसानों के वास्तविक रकबे के आधार पर ही धान की खरीदी सुनिश्चित करने हेतु बालोद जिले में धान की अवैध खरीदी बिक्री पर रोकथाम सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन द्वारा पूरे मुस्तैदी के साथ कार्य किया जा रहा है।

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार राजस्व, सहकारिता, खाद्य एवं कृषि उपज मंडी सहित संबंधित विभाग के अधिकारियों के द्वारा धान के थोक एवं फुटकर व्यापारियों के दुकानों एवं गोदामों की जाँच कर उन्हें जारी किए गए अनुज्ञप्ति एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर धान की मात्रा कम या अधिक पाए जाने पर अतिरिक्त धान की जप्ति की कार्रवाई की जा रही है। ज्ञातव्य हो कि जाँच के दौरान जाँच दल में शामिल अधिकारी-कर्मचारियों के द्वारा थोक व्यापारियों के गोदामों एवं दुकानों में रखे गए धान का बी-1 पंजी से मिलान किया जाता है। इसी तरह फुटकर व्यापारियों का जारी किए गए अनुज्ञप्ति के आधार पर क्षमता के अनुरूप जमा किए गए धान एवं उसका टैक्स जमा की भी पड़ताल की जाती है। कृषि उपज मंडी के सचिव संजीव वाहिले ने बताया कि संबंधित विभाग के अधिकारियों के द्वारा बालोद जिले में धान खरीदी में फर्जीवाड़ा को रोकने के लिए कोचियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए आज 21 नवंबर तक 3089 क्विंटल 40 किलो धान की जप्ति की कार्रवाई की गई है।

उल्लेखनीय है कि बालोद जिले में अब तक कुल 39 कोचियों एवं थोक और फुटकर व्यापारियों के दुकानों एवं गोदामों में सघन अभियान चलाकर अनुज्ञप्ति एवं दस्तावेज के आधार पर धान नही पाए जाने पर धान जप्ति की कार्रवाई की गई है। इसके अंतर्गत आज गुरूर विकासखण्ड के ग्राम आनंदपुर के व्यापारी चंद्रहास यादव के गोदाम से 30 हजार 400 कीमत के कुल 16 क्विंटल, डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम भीमकन्हार के व्यापारी सुभाषचंद जैन के गोदाम से 36 हजार 80 रूपये की कीमत के कुल 17 क्विंटल 60 किलो तथा ग्राम भीमकन्हार के गौतमचंद जैन के दुकान से 37 लाख 08 हजार 120 रूपये कीमत के कुल 1901 क्विंटल 60 किलो धान जप्ति की कार्रवाई की गई है। वाहिले ने बताया कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य प्रारंभ होने के पश्चात् 10 नवंबर से लगातार जाँच दल के अधिकारियों के द्वारा कोचियों तथा थोक एवं फुटकर व्यापारियों के गोदामों एवं दुकानों के सघन जाँच अभियान चलाकर अवैध रूप से रखे गए धान की जप्ति की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!