बेमेतरा में होगा तीन दिवसीय रामचरितमानस काव्य ज्ञान महायज्ञ।
11 से 13 जनवरी 2026 तक ग्राम खेरजीती कला, साजा में भव्य आयोजन।

बेमेतरा। जिला बेमेतरा में सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना को सशक्त करने के उद्देश्य से मां भद्रकाली मानस संघ द्वारा रामचरितमानस काव्य ज्ञान महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 11, 12 एवं 13 जनवरी 2026 को ग्राम खेरजीती कला, साजा में संपन्न होगा।

संगठन के अध्यक्ष श्री देवलाल सिंहा जी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य रामभक्ति, नैतिक मूल्यों और संस्कारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। उन्होंने जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के सभी सनातन धर्मावलंबियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन का लाभ लेने की अपील की है।
श्री सिंहा ने बताया कि इस अवसर पर एक ऐतिहासिक संकल्प के तहत रामचरितमानस की 5100 प्रतियां घर-घर पहुंचाई जाएंगी, जिससे नई पीढ़ी को भी धार्मिक व सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ा जा सके।
कार्यक्रम की विशेषता यह रहेगी कि इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से पधारे विशिष्ट मानस व्याख्याकार रामचरितमानस का भावपूर्ण और ज्ञानवर्धक व्याख्यान प्रस्तुत करेंगे। वहीं, लगभग 20 से अधिक मानस मंडलियां संगीतमय काव्य पाठ और भक्ति प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक रस में डुबो देंगी।
आयोजकों के अनुसार यह महायज्ञ न केवल एक धार्मिक आयोजन होगा, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक जागरूकता और सनातन परंपराओं को सुदृढ़ करने का एक सशक्त माध्यम भी बनेगा।




