दुर्ग 11 नवंबर 2025 // सहकारी समिति कर्मचारी महासंघ छत्तीसगढ़ की दुर्ग संभाग इकाई की हड़ताल ने अब उग्र रूप ले लिया है। सरकार द्वारा हड़ताली कर्मचारियों को नोटिस जारी किए जाने के बाद कर्मचारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। कर्मचारियों ने उन नोटिसों को सार्वजनिक रूप से जलाकर सरकार के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया।

महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि सरकार की चेतावनियों और नोटिसों से कर्मचारी पीछे हटने वाले नहीं हैं। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
दसवें दिन भी हड़ताल पूरी तरह प्रभावी रही। सहकारी समितियों के कार्य ठप पड़े हैं और आम नागरिकों को भी कई सेवाओं में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आंदोलनकारी कर्मचारियों ने सरकार से शीघ्र समाधान की मांग की है, अन्यथा आंदोलन को और व्यापक करने की चेतावनी दी है।
महासंघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि कर्मचारी वर्ग केवल अपने न्यायोचित अधिकारों की मांग कर रहा है और सरकार को चाहिए कि वह जल्द वार्ता कर इस गतिरोध को समाप्त करे।



