अंबिकापुरछत्तीसगढ़

सरगुजा में धान खरीदी का अपडेट, अब तक सिर्फ 40 प्रतिशत खरीदी, उठाव 9 प्रतिशत, मौसम खराब होने से धान सड़ने का डर।

सहकारी बैंक के अधिकारी शासन से जल्द धान उठाव करने की अपील कर रहे हैं।

सरगुजा // उत्तर छत्तीसगढ़ में सरगुजा संभाग के पांच जिलों में 15 नवंबर से धान खरीदी जारी है। पांच जिलों में धान खरीदी का लक्ष्य 1 करोड़ 37 लाख 43 हजार 40 क्विंटल रखा गया है। 30 दिसम्बर तक 48 लाख 38 हजार 69.80 क्विंटल धान की खरीदी हुई है. जिला सहकारी बैंक के चीफ मार्केटिंग सुपरवाइजर बीकेपी सिंह ने ये जानकारी दी है।

सिर्फ 9 प्रतिशत धान उठाव

चीफ मार्केटिंग सुपरवाइजर ने बताया कि सहकारी समिति केंद्रों में अब तक 40 फीसदी धान खरीदी हो पाई है। धान का उठाव महज 8.91% हुआ है जबकि पिछले वर्ष दिसंबर तक 37 फीसदी धान का उठाव हो चुका था।

सरकार से धान उठाव में तेजी लाने की अपील

धान उठाव की धीमी प्रक्रिया को लेकर चिंता जताते हुए जिला सहकारी बैंक के चीफ मार्केटिंग सुपरवाइजर बीकेपी सिंह ने कहा कि मीडिया के माध्यम से शासन से यह अनुरोध है कि धान का उठाव करें क्योंकि मौसम अगर विपरीत हो गया तो बहुत भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। काफी बड़ी मात्रा में धान सड़ जाएगा।

बहरहाल प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू हुई. लगभग डेढ़ महीने बीतने के बाद भी सरगुजा में अब तक सिर्फ 40 प्रतिशत ही धान खरीदी हो सकी है। अब सिर्फ बचे हुए एक महीने में 60 प्रतिशत धान की खरीदी की जानी है। बैंक के अधिकारी भी शासन से निवेदन कर रहे हैं कि धान खरीदी में तेजी लाने के लिए उठाव तेज किया जाए ताकि तय समय पर किसानों का पूरा धान खरीदा जा सके। धान खरीदी केंद्रों में जो स्टॉक है वह इतना ज्यादा है कि समिति में अब धान रखने की बिल्कुल जगह नहीं है। जो गोदाम है वह पूरा फुल हो चुका है। ऐसे में शासन को खरीदी का समय आगे बढ़ाना होगा तभी सभी किसान धान बेच सकेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!