छत्तीसगढ़धमतरीरायपुर
Trending

धमतरी में अब तक 2 लाख 79 हजार मीट्रिक टन धान खरीदी, कलेक्टर ने कहा इस बार स्मूथ चल रही पूरी प्रक्रिया।

धमतरी में सुचारू धान खरीदी के साथ ही अलग अलग जगहों पर उड़नदस्ता टीम अवैध धान पर भी कड़ी कार्रवाई कर रही है।

धमतरी 25 दिसंबर 2025 // छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से धान खरीदी की शुरुआत होने के बाद लगातार धान की खरीदी जारी है। खरीफ विपणन वर्ष 2025–26 में धमतरी जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। जिले की 74 सहकारी समितियों के माध्यम से 100 उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी की जा रही है।

धमतरी में अब तक धान खरीदी

मिली जानकारी के अनुसार अब तक कुल 2,79,414.12 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है, जिसका समर्थन मूल्य 662.57 करोड़ रुपये है, अब तक 58,443 किसानों ने धान बेचा है, जिनमें से 53,227 किसानों को 60,293.78 लाख रुपये का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में किया जा चुका है। धान उठाव की प्रक्रिया भी लगातार जारी है, जिसके अंतर्गत 49,982.80 मीट्रिक टन धान का उठाव किया जा चुका है, जबकि उपार्जन केंद्रों में 2,29,431.32 मीट्रिक टन धान बचा है।

उपार्जित धान के निराकरण के लिए कस्टम मिलिंग की प्रभावी व्यवस्था की गई है। जिले में 166 पंजीकृत मिल हैं, जिन्हें 7,90,608 मीट्रिक टन धान की अनुमति जारी की गई है। अब तक 1,01,752.60 मीट्रिक टन धान के उठाव के लिए डीओ जारी किए गए हैं।

एक तिहाई धान खरीदी पूरी

धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि इस बार लगभग एक तिहाई खरीदी हो चुकी है। हमारे पास धान खरीदी का करीब 40 दिन बचे हुए हैं। कलेक्टर ने कहा कि लगभग 45 प्रतिशत किसानों से धान खरीदी किया जा चुका है। सभी सोसाइटियों में लिमिट भी बढ़ा दिया गया है। रजिस्ट्रेशन जैसी समस्याओं का भी निराकरण किया जा चुका है। इसके बावजूद किसी प्रकार की कोई समस्या आती है तो हमारा कमांड कंट्रोल रूम हमेशा चालू रहता है।

राज्य स्तरीय उड़नदस्ता दल के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नगरी, खाद्य निरीक्षक एवं मंडी अधिकारी–कर्मचारियों के संयुक्त दल के साथ नगरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम बोराई में औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान फर्म बाबूलाल चम्पालाल जैन, बोराई के गोदाम परिसर में 563 कट्टा (225.20 क्विंटल) धान अवैध रूप से खरीदी करते पाया गया। इस धान को छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम, 1972 के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया। जब्त धान को फर्म के संचालक भीमराज जैन, बोरई की सुपुर्दगी में रखा गया है।

धमतरी में अब तक जब्त अवैध धान

मंडी अधिनियम 1972 के तहत अवैध धान भंडारण और परिवहन पर सख्त कार्रवाई की गई है। इस दौरान 3,407 किसानों से संबंधित 112 प्रकरण दर्ज कर 4,619.5 क्विंटल धान जब्त किया गया। 2 वाहनों को भी जब्त किया गया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!