राष्ट्रिय

राजस्थान, बंगाल, बिहार में महिलाओं के साथ जघन्य अपराध ज्यादा; बीजेपी का विपक्ष पर हमला…

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को आरोप लगाया कि राजस्थान, पश्चिम बंगाल और बिहार जैसे विपक्ष शासित राज्यों में महिलाओं के खिलाफ जघन्य अपराधों की सूची लंबी है लेकिन विपक्षी पार्टियां मणिपुर की घटना पर राजनीति कर रही हैं।

हिंसाग्रस्त राज्य मणिपुर में एक समुदाय की दो महिलाओं को परस्पर विरोधी समुदाय के लोगों के एक समूह द्वारा निर्वस्त्र कर घुमाने का एक वीडियो वायरल हुआ है जिसके बाद देश में गुस्से का माहौल है।

यह घटना चार मई की है जिसका वीडियो 19 जुलाई को वायरल हुआ। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने यहां भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों पर निशाना साधा। 

उन्होंने राजस्थान, बिहार व पश्चिम बंगाल में महिलाओं के खिलाफ दर्ज कुछ आपराधिक मामलों का संदर्भ दिया और कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी एवं अन्य विपक्षी दलों के नेताओं पर गैर-भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं के साथ अपराधों पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया। ठाकुर ने आरोप लगाया, ”राजस्थान में पिछले चार वर्षों में महिलाओं के खिलाफ अपराध के एक लाख से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं। राजस्थान में कुल 33 हजार मामले महिलाओं के यौन उत्पीड़न से संबंधित हैं।” 

राजस्थान सरकार में मंत्री राजेंद्र गुढ़ा को हटाए जाने को लेकर अनुराग ठाकुर ने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी के निर्देशों पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंत्री को हटाया क्योंकि उन्होंने (गुढ़ा) राज्य में महिलाओं के साथ बढ़ते अपराधों पर चिंता व्यक्त की थी।

ठाकुर ने आरोप लगाया कि गुढ़ा को इसलिए बर्खास्त किया गया क्योंकि उन्होंने (गुढ़ा) राजस्थान में महिलाओं के साथ अपराध के मामलों में वृद्धि को लेकर चिंता व्यक्त की थी और इस मुद्दे पर बहस की मांग करते हुए आत्मनिरीक्षण करने को कहा था।

ठाकुर ने पूछा, ”क्या मु्ख्यमंत्री गहलोत अपना इस्तीफा देंगे, जब उनके ही मंत्री यह कहते हैं कि मुख्यमंत्री अपना इकबाल खो चुके हैं और वह भी तब- जबकि उनके (गहलोत के) गृह जिले में एक महिला की हत्या कर उसे जला दिया जाता है। इतना ही नहीं उनके (गहलोत) निवास से पांच किलोमीटर दूर एक महिला के साथ बलात्कार कर उसे मरने के लिए छोड़ दिया जाता है?” 

उन्होंने कहा, ”यह (कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन) खरगे और गांधी परिवार के नेताओं से सवाल है।” ठाकुर ने कहा कि क्या वह (कांग्रेस नेता) अपनी जिम्मेदारी भूल गए हैं। तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जब बात महिलाओं के साथ अपराध की होती है तो पश्चिम बंगाल भी राजस्थान से पीछे नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया, ”ममता (बनर्जी) जी, मुझे नहीं पता कि आपके दिल में थोड़ी सी भी ममता बची है या नहीं लेकिन हावड़ा के पांचला इलाके में इंसानियत शर्मसार हो गई, जब तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के 40 से ज्यादा गुंड़ों ने पंचायत चुनाव वाले दिन एक महिला को निर्वस्त्र कर घुमाया था और चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार के साथ मार-पीट कर उसे अपमानित किया था।”

मंत्री ने दावा किया, ”सिर्फ इतना ही नहीं, एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें पश्चिम बंगाल के मालदा में दो महिलाओं को अर्ध-नग्न कर घुमाया गया था।” उन्होंने कहा, ”ममता बनर्जी की ममता कहां गई? राज्य सरकार कहां है? कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई?”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!