छत्तीसगढ़दुर्ग
Trending

दुर्ग में ‘अतिक्रमण हटाओ’ बना बवाल।

महापौर अल्का बाघमार पर ठेला व्यापारियों से बदसलूकी और धमकी के आरोप।

दुर्ग 3 मई 2026 // जिले में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई उस वक्त बड़े विवाद में बदल गई, जब महापौर अल्का बाघमार पर सड़क किनारे रोज़ी-रोटी कमाने वाले ठेला व्यापारियों से बदसलूकी करने और धमकी भरे अंदाज़ में बात करने के आरोप लगे। कार्रवाई के दौरान का माहौल इतना गरमा गया कि मौके पर मौजूद व्यापारियों में डर, गुस्सा और बेबसी साफ दिखाई दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम के बीच महापौर का रवैया बेहद सख्त नजर आया। आरोप है कि छोटे व्यापारियों की मजबूरी सुनने के बजाय उन्हें फटकार लगाई गई, अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल हुआ और विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने जैसी चेतावनी भी दी गई।

रोज कमाकर परिवार चलाने वाले कई व्यापारियों का कहना है कि प्रशासन अगर व्यवस्था चाहता है तो संवाद से भी रास्ता निकल सकता है, लेकिन डर और दबाव की राजनीति गरीबों के सम्मान को ठेस पहुंचाती है। इस घटना के बाद व्यापारियों में भारी नाराज़गी देखी जा रही है और स्थानीय स्तर पर महापौर के व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

सबसे बड़ा सवाल अब यही—क्या शहर को व्यवस्थित करने के नाम पर गरीबों की आवाज दबाई जाएगी? क्या अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में इंसानियत और संवेदनशीलता की कोई जगह नहीं?

दुर्ग की सियासत में इस घटना ने नया तूफान खड़ा कर दिया है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि महापौर अल्का बाघमार इन आरोपों पर क्या सफाई देती हैं और प्रशासन इस विवाद पर क्या रुख अपनाता है।

फिलहाल, सड़क से उठी यह आवाज अब शहर की राजनीति में गूंजने लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!