लिव-इन में नहीं रहती थी निक्की!…परिवार को बॉयफ्रेंड की जानकारी नहीं, पिता ने पुलिस पर उठाए सवाल…
दिल्ली में लिव-इन-पार्टनर साहिल गहलोत द्वारा निक्की यादव (Nikki Yadav Murder Case) की नृशंस हत्या के मामले में लड़की के परिवार ने बड़ा दावा किया है।
निक्की के परिजनों ने कहा कि उन्हें उसके रिलेशनशिप में होने और साहिल के साथ लिव-इन में रहने की कोई जानकारी नहीं है।
साथ ही मृतक लड़की के पिता ने साहिल गहलोत (Sahil Gehlot) के लिए मौत की सजा की मांग की है। निक्की के चाचा सुरेश यादव ने कहा कि पुलिस (Delhi Police) दावा कर रही है कि वह 4 साल से लिव-इन रिलेशनशिप में थी। ये अफवाहें हैं।
उन्होंने निक्की के लिव-इन में रहने की बात को सिरे से खारिज कर दिया। आपको बता दें कि निक्की यादव का शव 14 फरवरी को साहिल गहलोत के ढाबे के फ्रिज से मिला था।
दिल्ली पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए बताया था कि साहिल गहलोत ने 9 फरवरी को एक बहस के दौरान निक्की की हत्या कर दी थी और उसके शव को अपने परिवार के स्वामित्व वाले ढाबे में फ्रिज में रख दिया था।
परिवार ने लिव-इन की बात से नकारा
पुलिस ने बताया कि साहिल की दूसरी महिला से शादी होने वाली थी। इसी बात को लेकर साहिल और निक्की में बहस हो रही थी।
पुलिस ने कहा कि लंबे समय से साहिल गहलोत के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाली निक्की को शादी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी, जिसके कारण दोनों में वाद-विवाद बढ़ गया।
हत्या के पहले दोनों के बीच घंटों बहस हुई, जिसके बाद साहिल ने निक्की की हत्या कर दी। मृतका निक्की यादव के पिता सुनील यादव ने बताया, ‘हम उसके लिव-इन के बारे में नहीं जानते। हमारे पूरे परिवार को नहीं पता है।’
उन्होंने आरोप लगाया कि ये झूठ फैलाए जा रहे हैं। वह अपनी छोटी बहन के साथ पिछले 8 महीनों से एक कमरे में रह रही थी। निक्की की छोटी बहन कॉमर्स में मास्टर डिग्री कर रही है। निक्की का परिवार हरियाणा के झज्जर जिले से है। उसके पिता सुनील यादव गुरुग्राम में मोटर मरम्मत का व्यवसाय चलाते हैं।
परिवार में किसी को नहीं है रिलेशनशिप की जनाकारी
पिता ने बताया कि निक्की रोज शाम को अपनी मां से फोन पर बात करती थी। उन्होंने कहा कि उन्हें साहिल गहलोत के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
सुनील यादव ने कहा, ‘मेरी छोटी बेटी को भी इस बारे में कुछ नहीं पता, उसकी मां को भी कोई जानकारी नहीं। परिवार में किसी को भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। मेरी बेटी एक बुद्धिमान लड़की थी, जिसका प्रोफेसर बनने का सपना था।’
5 दिन की पुलिस हिरासत में साहिल
साहिल ने जिस कार में निक्की यादव की मोबाइल चार्जर के वायर से गला घोंटकर हत्या की थी, उसे वुलिस ने जब्त कर लिया है। साहिल गहलोत पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान टूट गया।
उसने ही पुलिस को जानकारी दी कि निक्की का शव कहां छिपाया है। कोर्ट ने उसे 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है। हाल ही के दिनों में दिल्ली में युवती की उसके लिव-इन पार्टनर द्वारा कथित तौर पर हत्या करने की यह दूसरी घटना है।
पिछले साल श्रद्धा वाकर की उसके लिव-इन पार्टनर आफताब पूनावाला ने हत्या कर दी थी। उसने श्रद्धा की हत्या के बाद उसके शव के 36 टुकड़े करके फ्रिज में स्टोर कर दिया था और एक-एक कर महरौली के जंगलों में फेंकता था।

