छत्तीसगढ़दुर्ग

धान खरीदी का शुभारंभ आज से, किसानों के लिए पोर्टल हुआ सक्रिय।

दुर्ग-चंदखुरी 15 नवंबर 2025 // प्रदेश के साथ आज से दुर्ग जिले में किसानों का महापर्व धान खरीदी तिहार प्रारम्भ हो गया है। सहकारी समिति मर्यादित चंदखुरी में सांसद विजय बघेल, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर के आतिथ्य एवं जिले के प्रभारी सचिव सोनमणि बोरा, कमिश्नर एस.एन. राठौर, कलेक्टर अभिजीत सिंह और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ किया गया। सांसद, विधायक एवं अधिकारियों ने उपार्जन केंद्र में छत्तीसगढ़ महतारी और भगवान बलराम के छाया चित्र, तौल यंत्र का पूजा अर्चना दीप प्रज्ज्वलित व श्रीफल तोड़कर किसानों से धान खरीदी प्रारंभ किये।

आज उपार्जन केंद्र चंदखुरी में किसान राजेन्द्र चंद्राकर, अखिल कुमार, भानु प्रताप, भगोली राम,ओमप्रकाश और विश्वनाथ से 507.86 क्विंटल धान की खरीदी की गई। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मौके पर धान बोरे का तौल एवं धान की नमी का माप किया। तौल में बोरे में धान का वजन 40 किलो 700 ग्राम औऱ नमी 13 प्रतिशत होना पाया गया। 15 नवम्बर से 31 जनवरी 2026 तक समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जाएगी। धान का किस्म पतला 2389.00 प्रति क्विटल, मोटा 2369.00 प्रति क्विटल एवं धान सरना 2369.00 प्रति क्विटल की दर निर्धारित की गई है।

जिले के 87 सहकारी समितियों के 102 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी होगी। प्रथम दिवस 34 उपार्जन केंद्र में 116 किसानों का टोकन धान बिक्री हेतु कटा है। इन केंद्रों में 6,678 क्विटल धान खरीदी की गई।

धान खरीदी शुभारंभ पश्चात आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि सांसद श्री विजय बघेल ने कहा कि सरकार द्वारा भुइया के भगवान किसान के लिए बनाए गए योजना के तहत धान खरीदी का शुभारंभ किये है। उन्होंने सभी का अभिनन्दन करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार कि योजनाएं किसान हित में है। किसान की प्रगति के साथ देश और प्रदेश की विकास जुड़ा है। सरकार जो कहती है उसे पूरा करती है। विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी बेहतर व्यवस्था के साथ खरीदी होगी। भगवान बिरसा मुंडा के जन्म जयंती पर यह शुभ कार्य प्रारंभ हुआ है। उन्होंने सभी को शुभकामनाये दी। साथ ही सभी से सहयोग की अपेक्षा की। विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि प्रदेश की किसान हितैषी सरकार ने किसानों के आर्थिक स्तर को ऊँचा उठाने के साथ समाज के हर वर्ग के हित मे कार्य कर रही है। उन्होंने धान खरीदी प्रारम्भ होने पर क्षेत्र के सभी किसानों को शुभकामनाएं दी। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने धान खरीदी हेतु जिले में क़ी गई व्यवस्था पर प्रकाश डाला। उन्होंने किसानों को शासन प्रशासन के तरफ से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

जिले के प्रभारी सचिव बोरा ने भी सभी किसानों को इस अवसर पर शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम को सी.सी.बी. के पूर्व अध्यक्ष प्रितपाल बेलचंदन ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर ऐ डी एम अभिषेक अग्रवाल , एस डी एम हरवंश सिंह मिरी एवं अन्य अधिकारीगण, समिति प्रबंधक श्रीमती किरण साहू, सरपंच श्रीमती कविता ठाकुर सहित किसान भाई बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!